अयोध्या: देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू एक बार फिर रामलला की नगरी अयोध्या के दौरे पर आ रही हैं। श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के निमंत्रण को स्वीकार करते हुए राष्ट्रपति ने 19 मार्च 2026 को अयोध्या आने की सहमति दी है। राष्ट्रपति का यह दौरा धार्मिक और सांस्कृतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
19 मार्च को ‘श्रीराम यंत्र’ की करेंगी स्थापना
इस दौरे का सबसे प्रमुख आकर्षण मंदिर के दूसरे तल (Second Floor) पर होने वाला विशेष अनुष्ठान है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू राम मंदिर के दूसरे तल पर ‘श्रीराम यंत्र’ की स्थापना करेंगी।
यह यंत्र मंदिर की आध्यात्मिक ऊर्जा और राष्ट्र चेतना का प्रतीक माना जाता है।
ट्रस्ट के अनुसार, इस स्थापना के साथ ही दूसरे तल की धार्मिक गतिविधियों का औपचारिक शुभारंभ हो जाएगा।
श्रमिकों का सम्मान: 400 राम भक्तों को करेंगी सम्मानित
राष्ट्रपति इस अवसर पर उन हाथों का भी सम्मान करेंगी जिन्होंने इस भव्य मंदिर को आकार दिया है।
नव संवत्सर (हिंदू नव वर्ष) के शुभ अवसर पर आयोजित समारोह में राष्ट्रपति मुर्मू 400 निर्माण श्रमिकों को सम्मानित करेंगी।
मंदिर निर्माण में योगदान देने वाले इन श्रमिकों और शिल्पकारों के लिए यह एक गौरवपूर्ण क्षण होगा।
ट्रस्ट ने दिल्ली जाकर दिया निमंत्रण
राम मंदिर ट्रस्ट के एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने, जिसमें महासचिव चंपत राय, निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्र और अन्य सदस्य शामिल थे, बुधवार को राष्ट्रपति भवन जाकर महामहिम को औपचारिक निमंत्रण सौंपा। राष्ट्रपति ने इस निमंत्रण को सहर्ष स्वीकार करते हुए अयोध्या आगमन की पुष्टि की है।