दिल्ली : दिल्ली के तुर्कमान गेट इलाके में रामलीला मैदान के पास स्थित फैज-ए-इलाही मस्जिद से सटे अवैध अतिक्रमण हटाने के लिए MCD ने 6-7 जनवरी की दरमियानी रात करीब 1 बजे बड़ी कार्रवाई की। दिल्ली हाईकोर्ट के निर्देश पर चले इस अभियान में 17 से 30 बुलडोजर लगाए गए, जिन्होंने बारात घर, डायग्नोस्टिक सेंटर, दुकानें और अन्य अवैध ढांचों को ध्वस्त कर दिया।
कार्रवाई के दौरान कुछ उपद्रवियों ने पुलिस और MCD टीम पर पत्थरबाजी की, जिसमें कम से कम 5 पुलिसकर्मी घायल हो गए। स्थिति को काबू में करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले दागे और न्यूनतम बल प्रयोग किया। इलाके को छावनी में तब्दील कर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। जॉइंट सीपी मधुर वर्मा ने कहा कि कुछ शरारती तत्वों ने गड़बड़ी पैदा करने की कोशिश की, लेकिन हालात जल्द नियंत्रित कर लिए गए।
यह कार्रवाई नवंबर 2025 के हाईकोर्ट आदेश पर आधारित थी, जिसमें रामलीला मैदान के आसपास 38,940 वर्ग फुट अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए थे। मस्जिद प्रबंधन समिति ने इसे चुनौती दी थी, लेकिन अंतरिम रोक नहीं मिली। मस्जिद की मुख्य संरचना को नहीं छुआ गया, केवल उसके बाहर के अवैध हिस्सों को निशाना बनाया गया।
पथराव करने वालों की पहचान CCTV और बॉडी कैमरा फुटेज से की जा रही है, जल्द कार्रवाई होगी। फिलहाल इलाके में तनाव है, लेकिन स्थिति नियंत्रण में है।
दिल्ली: फैज-ए-इलाही मस्जिद के पास चला बुलडोजर, अवैध निर्माण हटाने गई MCD-पुलिस टीम पर पथराव
-
panchayatground1
- Updated :