ब्रेकिंग न्यूज: नेपाल में भारतीय सीमा के पास सांप्रदायिक हिंसा भड़की, बीरगंज में कर्फ्यू; भारत ने बॉर्डर सील किया

काठमांडू : नेपाल के दक्षिणी इलाकों में सोशल मीडिया पर वायरल एक टिकटॉक वीडियो से शुरू हुआ विवाद सांप्रदायिक हिंसा में बदल गया। धनुषा जिले की कमला नगरपालिका के सखुवा मारन क्षेत्र में एक मस्जिद में तोड़फोड़ की घटना के बाद प्रदर्शन उग्र हो गए। इसके विरोध में परसा जिले के बीरगंज शहर में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने टायर जलाकर प्रदर्शन किया, जो हिंसक हो गया।

प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पथराव किया और एक स्थानीय पुलिस थाने में तोड़फोड़ की। पुलिस ने स्थिति नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े। इस झड़प में कई पुलिसकर्मी घायल हुए। बीरगंज भारत के रक्सौल से सटा प्रमुख बॉर्डर शहर है, इसलिए तनाव का असर सीमा पार भी पड़ा।

परसा जिला प्रशासन ने बीरगंज के कुछ हिस्सों में कर्फ्यू लगा दिया, जिसे मंगलवार दोपहर तक बढ़ा दिया गया। निषेधाज्ञा लागू है, जिसमें सभा, जुलूस और प्रदर्शन पर पूरी तरह रोक है। नेपाल पुलिस ने टिकटॉक वीडियो पोस्ट करने और हिंसा में शामिल तीन लोगों को हिरासत में लिया है।

भारतीय पक्ष से सुरक्षा एजेंसियों ने हाई अलर्ट जारी कर दिया है। भारत-नेपाल सीमा को पूरी तरह सील कर दिया गया है, केवल इमरजेंसी सेवाओं को छोड़कर कोई आवाजाही नहीं हो रही। मैत्री पुल सहित सभी चेकपॉस्ट पर सख्त चेकिंग की जा रही है। एसएसबी और स्थानीय पुलिस की अतिरिक्त टीमें तैनात हैं ताकि कोई अप्रिय घटना न हो।

नेपाल प्रशासन ने सभी पक्षों से शांति बनाए रखने की अपील की है और धार्मिक स्थलों को नुकसान पहुंचाने या अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है। फिलहाल स्थिति तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में बताई जा रही है।