लखनऊ: उत्तर प्रदेश में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया पूरी होने के बाद चुनाव आयोग ने आज ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी कर दी है। इस सूची में करीब 12.55 करोड़ मतदाताओं के नाम शामिल हैं, जबकि पहले की सूची की तुलना में लगभग 2.89 करोड़ नाम हटाए गए हैं। इनमें मृतक, स्थानांतरित या डुप्लीकेट मतदाता शामिल हैं।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि ड्राफ्ट लिस्ट में अनमैप्ड श्रेणी के मतदाताओं को नोटिस भेजा जाएगा। यदि आपका नाम सूची में नहीं है या कोई गलती है, तो घबराएं नहीं। 6 फरवरी 2026 तक दावे और आपत्तियां दर्ज कराई जा सकती हैं। इसके लिए फॉर्म-6 (नया नाम जोड़ने), फॉर्म-7 (नाम हटाने) या फॉर्म-8 (सुधार) का इस्तेमाल करें।
अपना नाम कैसे चेक करें?
- चुनाव आयोग की वेबसाइट https://voters.eci.gov.in पर जाएं।
- ‘Search Your Name in Electoral Roll’ पर क्लिक करें।
- EPIC नंबर, व्यक्तिगत विवरण या मोबाइल नंबर से सर्च करें।
- या CEO उत्तर प्रदेश की साइट https://ceouttarpradesh.nic.in पर जाकर जिला और विधानसभा चुनकर PDF डाउनलोड करें।
यदि नाम नहीं मिलता है, तो ऑनलाइन या BLO (बूथ लेवल ऑफिसर) के पास आवेदन करें। जरूरी दस्तावेज जैसे आधार, राशन कार्ड आदि साथ रखें। अंतिम मतदाता सूची 6 मार्च 2026 को जारी होगी। मतदाताओं से अपील है कि जल्द से जल्द अपनी स्थिति जांच लें ताकि आगामी चुनावों में वोटिंग का अधिकार बना रहे।