कर्नाटक: कांग्रेस सरकार के सर्वे में 83% से ज्यादा लोगों ने EVM पर जताया भरोसा, राहुल गांधी के आरोपों पर BJP का तंज

कर्नाटक : कांग्रेस शासित कर्नाटक में ईवीएम को लेकर राजनीतिक बवाल मच गया है। राज्य सरकार द्वारा कराए गए एक सर्वे में सामने आया कि 83.61 प्रतिशत लोग इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) को विश्वसनीय मानते हैं। यह आंकड़ा 2023 के 77.9 प्रतिशत से बढ़कर आया है, जो जनता के बढ़ते भरोसे को दर्शाता है। सर्वे में 84.55 प्रतिशत लोगों ने कहा कि भारत में चुनाव स्वतंत्र और निष्पक्ष तरीके से होते हैं।

यह सर्वे “लोकसभा चुनाव 2024 – सिटीजन के नॉलेज, एटीट्यूड एंड प्रैक्टिस (KAP) का एंडलाइन सर्वे” नाम से किया गया था। इसमें कर्नाटक के 102 विधानसभा क्षेत्रों से 5,100 लोगों की राय ली गई। क्षेत्रवार देखें तो कलबुर्गी डिवीजन में सबसे ज्यादा 94 प्रतिशत से अधिक लोगों ने EVM पर भरोसा जताया, जबकि मैसूरु, बेलगावी और बेंगलुरु में भी मजबूत समर्थन मिला।

सर्वे के नतीजे सामने आते ही भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। राहुल गांधी लंबे समय से EVM में हेरफेर और ‘वोट चोरी’ के आरोप लगाते रहे हैं। BJP के कर्नाटक विधानसभा में विपक्ष के नेता आर. अशोक ने कहा, “राहुल गांधी सालों से देश भर में घूमकर कहते हैं कि लोकतंत्र खतरे में है, EVM अविश्वसनीय हैं। लेकिन कर्नाटक की जनता ने अलग कहानी बयान की है। यह कांग्रेस के मुंह पर करारा तमाचा है।”

BJP के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने भी तंज कसा कि राहुल गांधी की अपनी सरकार का सर्वे ही उनके झूठ को एक्सपोज कर रहा है। उन्होंने कहा, “जनता चुनावों, EVM और लोकतांत्रिक प्रक्रिया पर भरोसा करती है।”

दूसरी ओर, कर्नाटक के मंत्री प्रियांक खड़गे ने सर्वे पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह राज्य सरकार द्वारा अधिकृत नहीं था और एजेंसी की विश्वसनीयता पर जांच होनी चाहिए। हालांकि, BJP ने इसे कांग्रेस की दोहरी नीति करार दिया, क्योंकि राज्य सरकार स्थानीय निकाय चुनावों में बैलेट पेपर वापस लाने की बात कर रही है।

यह विवाद राहुल गांधी के ‘वोट चोरी’ कैंपेन के बीच और गर्म हो गया है, जहां वे चुनाव आयोग और BJP पर गंभीर आरोप लगा रहे हैं। राजनीतिक विश्लेषक मानते हैं कि यह सर्वे 2024 लोकसभा चुनावों के बाद ईवीएम बहस को नई दिशा देगा और विपक्ष की रणनीति पर असर डालेगा। आने वाले दिनों में यह मुद्दा और तूल पकड़ सकता है।