प्रयागराज: उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने माघ मेला-2026 की तैयारियों का औचक निरीक्षण किया तो उनका गुस्सा फूट पड़ा। संगम क्षेत्र में घाटों और अन्य व्यवस्थाओं की धीमी प्रगति देखकर उन्होंने जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा को सरेआम कड़ी फटकार लगाई। डिप्टी CM ने कहा, “सतुआ बाबा की रोटी के चक्कर में मत पड़ो”, जो सीधे तौर पर DM के हालिया वायरल वीडियो पर तंज था, जिसमें वे सतुआ बाबा के शिविर में रोटी बनाते नजर आए थे।
निरीक्षण में क्या मिला?
- डिप्टी CM सोमवार देर शाम अचानक मेला क्षेत्र पहुंचे, जिससे अधिकारियों में हड़कंप मच गया।
- घाटों का निर्माण, स्वच्छता, सुरक्षा, पेयजल और प्रकाश व्यवस्था का जायजा लिया।
- कई जगह काम अधूरे पाए गए, जिस पर उन्होंने सख्त नाराजगी जताई और 3 जनवरी तक सभी कार्य पूरे करने के सख्त निर्देश दिए।
- कहा कि जरूरत पड़ी तो अधिकारियों की संख्या बढ़ाई जाएगी, लेकिन किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सतुआ बाबा वाला विवाद
DM मनीष वर्मा का सतुआ बाबा के शिविर में रोटी बनाते का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। डिप्टी CM ने इसी को लेकर तंज कसा कि मेले की तैयारियों पर फोकस करें, न कि ऐसे कामों में समय बर्बाद करें। यह वीडियो अब और वायरल हो रहा है।
डिप्टी CM ने श्रद्धालुओं से अपील की कि माघ मेला मिनी कुंभ की तरह मनाया जाएगा, इसलिए कल्पवास करें और सुरक्षित स्नान का आनंद लें। संगम तट पर पूजा-अर्चना कर उन्होंने मेले की सफलता की कामना की। माघ मेला 3 जनवरी से शुरू हो रहा है, जिसमें लाखों श्रद्धालु पहुंचेंगे।