लखनऊ: राष्ट्र प्रेरणा स्थल के पास 170 से ज्यादा भेड़ों की रहस्यमयी मौत, CM योगी ने दिए जांच के आदेश

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। राष्ट्र प्रेरणा स्थल के पास मड़ियांव और दुबग्गा क्षेत्र में करीब 170 भेड़ों की अचानक मौत हो गई, जबकि 200 से अधिक भेड़ें गंभीर रूप से बीमार हैं। पशुपालकों का आरोप है कि 25 दिसंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा उद्घाटित किए गए इस स्थल पर आयोजित कार्यक्रम के बाद बचा हुआ सड़ा-गला खाना पार्किंग और आसपास फेंक दिया गया था, जिसे चरते हुए भेड़ों ने खा लिया।

फूड पॉइजनिंग से मौत की आशंका

  • मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी के अनुसार, शुरुआती जांच में फूड पॉइजनिंग के लक्षण मिले हैं। सड़े खाने से पेट फूलना (ब्लोटिंग) और सांस लेने में दिक्कत होने से भेड़ें तड़प-तड़पकर मर रही हैं। कुछ रिपोर्ट्स में 71 भेड़ों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि पशुपालक और एनजीओ 170 से ज्यादा का दावा कर रहे हैं।
  • फतेहपुर से आए चरवाहों की ये भेड़ें इलाके में चर रही थीं। पीड़ित पशुपालक फूट-फूटकर रो रहे हैं और कह रहे हैं कि उनकी आजीविका खत्म हो गई।
  • CM योगी ने संज्ञान लिया
  • मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मामले का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। पुलिस ने मृत भेड़ों के नमूने पोस्टमार्टम और फोरेंसिक जांच के लिए भेजे हैं। बीमारी, जहर या प्रशासनिक लापरवाही— सभी एंगल से जांच हो रही है। पीड़ितों को प्रति भेड़ 10,000 रुपये मुआवजे का ऐलान भी किया गया है।
  • एनजीओ ‘आसरा द हेल्पिंग हैंड्स ट्रस्ट’ की संस्थापक चारू खरे ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है और सफाई व्यवस्था की कमी पर सवाल उठाए हैं। प्रशासन ने बीमार भेड़ों के इलाज के लिए मेडिकल टीम तैनात की है, लेकिन पशुपालकों का दर्द देखकर हर कोई स्तब्ध है। जांच रिपोर्ट आने के बाद मौत के सटीक कारण सामने आएंगे।