जयपुर: राजस्थान की राजधानी जयपुर से सटे चौमूं कस्बे में शुक्रवार तड़के मस्जिद के बाहर लोहे की रेलिंग हटाने को लेकर बड़ा बवाल हो गया। अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान उग्र भीड़ ने पुलिस पर पथराव कर दिया, जिसमें करीब 6 पुलिसकर्मी घायल हो गए। कई के सिर फट गए। स्थिति को काबू में करने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े और हल्का लाठीचार्ज भी करना पड़ा।
घटना चौमूं बस स्टैंड के पास सुबह करीब 3 बजे हुई।
ट्रैफिक सुधार के लिए मस्जिद के बाहर सड़क किनारे लगे पत्थरों को पहले सहमति से हटाया गया था। लेकिन उसके बाद कुछ लोगों ने रात में ही लोहे की रेलिंग लगाकर बाउंड्री बनाने का काम शुरू कर दिया, जो सड़क पर अतिक्रमण था। जब पुलिस ने जेसीबी से इसे हटाने की कोशिश की तो विरोध शुरू हो गया और देखते ही देखते पथराव हो गया।
आंसू गैस और पुलिस की भारी तैनाती की तस्वीरें
घायल पुलिसकर्मियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। पुलिस वाहनों को भी नुकसान पहुंचा। अफवाहों पर रोक लगाने के लिए चौमूं में 24 घंटे के लिए इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गई हैं। इलाके को छावनी में तब्दील कर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
पुलिस महानिदेशक संजय अग्रवाल ने कहा कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और कानून अपने हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और शांति की अपील की। यह विवाद गुरुवार शाम की वार्ता से जुड़ा है, जहां समुदाय ने पत्थर हटाने पर सहमति दी थी, लेकिन रेलिंग लगाने से नया विवाद खड़ा हो गया।