PM मोदी के जाते ही लखनऊ में ‘गमला लूट’! राष्ट्र प्रेरणा स्थल की सजावट पर लोगों ने किए हाथ साफ—वीडियो वायरल

लखनऊ: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लखनऊ दौरे और राष्ट्र प्रेरणा स्थल उद्घाटन के ठीक बाद एक शर्मनाक घटना सामने आई है। अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जयंती पर 25 दिसंबर को पीएम मोदी ने गोमती नदी किनारे बने इस भव्य स्मारक का लोकार्पण किया।

कार्यक्रम के लिए लखनऊ विकास प्राधिकरण और नगर निगम ने ग्रीन कॉरिडोर, वसंत कुंज रोड और प्रेरणा स्थल के आसपास हजारों आकर्षक गमले और हैंगिंग प्लांटर्स लगाए थे, ताकि शहर दुल्हन की तरह सजा दिखे। लेकिन जैसे ही पीएम का कार्यक्रम खत्म हुआ और वे रवाना हुए, लोग इन सजावटी गमलों पर टूट पड़े।

सोशल मीडिया पर कई वीडियो वायरल हो रहे हैं, जिनमें लोग स्कूटी, कार और पैदल गमले उठाकर ले जाते दिख रहे हैं। कुछ वीडियो में तो लोग बेझिझक मुस्कुराते हुए गमले लादते नजर आ रहे हैं। यह नजारा देखकर वहां मौजूद अन्य लोग भी हैरान रह गए, लेकिन किसी ने रोकने की कोशिश नहीं की।

यह घटना नवाबों के शहर लखनऊ की मशहूर तहजीब पर सवाल उठा रही है। सोशल मीडिया यूजर्स ने इसे सिविक सेंस की कमी बताया और कड़ी नाराजगी जताई। कुछ ने इसे ‘सरकारी माल कोई नहीं छोड़ता’ की मानसिकता करार दिया। पहले भी लखनऊ में बड़े आयोजनों के बाद गमला चोरी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिस पर सीएम योगी ने भी टिप्पणी की थी।

प्रशासन की ओर से अभी कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है, लेकिन वायरल वीडियो से हड़कंप मच गया है। राष्ट्र प्रेरणा स्थल 230 करोड़ की लागत से बना राष्ट्रीय स्मारक है, जो अटल जी, श्यामा प्रसाद मुखर्जी और दीनदयाल उपाध्याय को समर्पित है। ऐसे में इस घटना ने आयोजन की भव्यता पर ग्रहण लगा दिया।