सांप्रदायिक एकता का संदेश: दिल्ली के ऐतिहासिक चर्च में क्रिसमस पर पहुंचे मोदी, देश को दीं हार्दिक शुभकामनाएं

ऐतिहासिक चर्च में क्रिसमस पर पहुंचे मोदी

नई दिल्ली : क्रिसमस के पावन अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज सुबह दिल्ली के प्रसिद्ध कैथेड्रल चर्च ऑफ द रिडेम्पशन में आयोजित विशेष प्रार्थना सभा में भाग लिया। दिल्ली और उत्तर भारत के हजारों ईसाई समुदाय के लोगों के साथ PM मोदी ने प्रार्थना, कैरोल और भजनों का आनंद लिया। इस दौरान दिल्ली के बिशप राइट रेवरेंड डॉ. पॉल स्वरूप ने प्रधानमंत्री के लिए विशेष प्रार्थना की।

यह चर्च दिल्ली का सबसे बड़ा और पुराना चर्च है, जो अपनी भव्य गोथिक वास्तुकला के लिए जाना जाता है। प्रार्थना सभा में प्यार, शांति और करुणा का संदेश गूंजा। PM मोदी ने सोशल मीडिया पर साझा करते हुए कहा कि यह सभा यीशु मसीह के शाश्वत संदेश को जीवंत करती है और समाज में सद्भाव व भलाई की प्रेरणा देती है।

उन्होंने देशवासियों को क्रिसमस की शुभकामनाएं देते हुए कहा – “क्रिसमस सभी को नई आशा, स्नेह और दयालुता की साझा प्रतिबद्धता लाए। यीशु की शिक्षाएं हमारे समाज में सद्भाव को मजबूत करें।” हाल के वर्षों में PM मोदी ईसाई समुदाय के कार्यक्रमों में नियमित रूप से शामिल होते रहे हैं, जो सांप्रदायिक सौहार्द का प्रतीक है।