नोएडा में सपा का जोरदार प्रदर्शन! ‘सरकार जगाओ-अरावली बचाओ’ कैंडल मार्च निकालकर केंद्र पर साधा निशाना

नोएडा: समाजवादी पार्टी ने अरावली पर्वत श्रृंखला को बचाने के लिए बड़ा आंदोलन छेड़ दिया है। मंगलवार शाम नोएडा में सपा कार्यकर्ताओं ने ‘सरकार जगाओ-अरावली बचाओ’ कैंडल मार्च निकाला और केंद्र सरकार से सुप्रीम कोर्ट के हालिया फैसले को वापस लेने की मांग की। मार्च में सैकड़ों कार्यकर्ता, नेता और पर्यावरण प्रेमी शामिल हुए, जो हाथों में मोमबत्तियां और तख्तियां लिए नारे लगा रहे थे।

सपा महानगर अध्यक्ष डॉ. आश्रय यादव के नेतृत्व में यह मार्च सेक्टर-18 से शुरू होकर प्रमुख सड़कों से गुजरा। प्रदर्शनकारियों ने ‘अरावली बचाओ-दिल्ली बचाओ’, ‘खनन बंद करो-प्रकृति बचाओ’ और ‘सरकार होश में आओ’ जैसे नारे लगाए। सपा नेताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र की नीतियां अरावली की 80-90% पहाड़ियों को खनन के लिए खोल देंगी, जिससे दिल्ली-एनसीआर का प्रदूषण और बढ़ेगा, भूजल स्तर गिरेगा और जैव विविधता नष्ट हो जाएगी।

सपा ने चेतावनी दी कि अगर फैसला वापस नहीं लिया गया तो आंदोलन को पूरे राज्य और देश में फैलाया जाएगा। मार्च शांतिपूर्ण रहा और पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था की। यह प्रदर्शन अरावली बचाओ अभियान का हिस्सा है, जिसमें सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भी दिल्लीवासियों से अपील की है कि अरावली को बचाना दिल्ली के भविष्य के लिए जरूरी है।