यूपी विधानमंडल का शीतकालीन सत्र आज से शुरू, 22 दिसंबर को आएगा अनुपूरक बजट

लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा और विधान परिषद का शीतकालीन सत्र आज यानी 19 दिसंबर से शुरू हो रहा है। यह सत्र 24 दिसंबर तक चलेगा, जिसमें कुल चार कार्य दिवस होंगे। सत्र की शुरुआत में दिवंगत सदस्यों को श्रद्धांजलि दी जाएगी, जिसके बाद पहले दिन सदन स्थगित हो सकता है।

योगी आदित्यनाथ सरकार की ओर से इस सत्र में वित्तीय वर्ष 2025-26 का पहला अनुपूरक बजट 22 दिसंबर को सदन में पेश किया जाएगा। इस बजट में ग्रामीण विकास, सड़कें, पेयजल, आवास और अन्य मूलभूत योजनाओं पर अतिरिक्त धनराशि का प्रावधान होने की उम्मीद है। इसके अलावा कई अध्यादेशों को विधेयक के रूप में बदलने और अन्य विधायी कार्यों पर भी चर्चा होगी।

विपक्षी दल, खासकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस, इस सत्र में सरकार को घेरने की तैयारी में हैं। विशेष गहन मतदाता पुनरीक्षण (SIR), कानून-व्यवस्था, बेरोजगारी, महंगाई और किसान मुद्दों पर जोरदार हंगामा होने के आसार हैं। विपक्ष का कहना है कि सत्र की अवधि छोटी होने से महत्वपूर्ण मुद्दों पर पर्याप्त चर्चा नहीं हो पाएगी।

सत्र के सुचारु संचालन के लिए सभी दलों से सहयोग की अपील की गई है, ताकि जनहित के मुद्दों पर रचनात्मक बहस हो सके।

इन रास्तों पर रहेगी पाबंदी:

  • ​बंदरियाबाग चौराहा से राजभवन, हजरतगंज और विधानसभा की ओर न जाएं.
  • ​डीएसओ चौराहा से हजरतगंज, जीपीओ और विधानसभा मार्ग की तरफ ट्रैफिक बंद रहेगा.
  • ​रॉयल होटल चौराहा से विधानसभा के सामने से हजरतगंज की ओर वाहन नहीं जा सकेंगे.
  • ​बसों के लिए रोक: गोमतीनगर, चारबाग (केकेसी) और महानगर की तरफ से आने वाली सिटी व रोडवेज बसें हजरतगंज और विधानसभा की ओर नहीं जा सकेंगी.
  • परिवर्तन चौक: यहां से हजरतगंज और विधानसभा की ओर यातायात प्रतिबंधित रहेगा.
  • इन रास्तों से जा सकते हैं
  • गोमतीनगर/महानगर से चारबाग बैकुंठ धाम, संकल्प वाटिका ओवरब्रिज, चिरैयाझील या 1090 चौराहा, कैंट होकर जाएं.
  • चारबाग से हजरतगंज लोको चौराहा, कैंट या बर्लिंग्टन चौराहा से कैसरबाग होकर जाएं.
  • बंदरियाबाग से हजरतगंज लालबत्ती चौराहा, कैंट या गोल्फ क्लब और 1090 चौराहा होकर जाएं.
  • डीएसओ से अन्य क्षेत्र पार्क रोड और मेफेयर तिराहा का उपयोग करें.
  • परिवर्तन चौक से चारबाग सुभाष चौराहा, चिरैयाझील या बर्लिंग्टन चौराहा होकर जाएं.