इथियोपिया संसद में पीएम मोदी का ऐतिहासिक संबोधन: ‘हम दोनों देश को मां मानते हैं, यही हमारी साझा भावना’

अदीस अबाबा : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इथियोपिया की संसद के संयुक्त सत्र को संबोधित करते हुए दोनों देशों की सांस्कृतिक और भावनात्मक समानताओं पर जोर दिया। पीएम मोदी ने कहा, “हम एक जैसे हैं, दोनों ही देश को मां मानते हैं। भारत में हम ‘भारत माता’ कहते हैं, और इथियोपिया में भी राष्ट्र को मातृभूमि की तरह पूजते हैं।” इस बयान से संसद में मौजूद सांसदों ने तालियां बजाकर स्वागत किया।

यह पीएम मोदी का इथियोपिया का पहला द्विपक्षीय दौरा है, जो ग्लोबल साउथ में भारत की मजबूत साझेदारी को दर्शाता है। संसद में अपने संबोधन में पीएम ने भारत को ‘लोकतंत्र की जननी’ बताते हुए कहा कि दोनों देश लोकतांत्रिक मूल्यों, शांति और विकास पर एकसाथ खड़े हैं। उन्होंने इथियोपिया को अफ्रीकी संघ का मुख्यालय होने का जिक्र करते हुए भारत की G20 अध्यक्षता में AU को स्थायी सदस्यता दिलाने की भूमिका को याद किया।

दौरे की मुख्य झलकियां:

  • भारत-इथियोपिया संबंधों को ‘स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप’ का दर्जा दिया गया।
  • इथियोपियाई छात्रों के लिए भारत में स्कॉलरशिप दोगुनी करने का ऐलान।
  • डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर, क्लीन एनर्जी, हेल्थकेयर और माइनिंग में सहयोग बढ़ाने पर समझौते।
  • तीन MoU साइन: शांतिरक्षा प्रशिक्षण, कस्टम सहयोग और डेटा सेंटर विकास।
  • इथियोपियाई पीएम अबी अहमद अली ने खुद एयरपोर्ट पर स्वागत किया और कार ड्राइव कर होटल तक छोड़ा।

पीएम मोदी ने इथियोपिया को ‘शेरों की धरती’ कहकर संबोधन शुरू किया, जिससे वहां की सांस्कृतिक गौरव को सम्मान मिला। यह दौरा दोनों देशों के बीच सदियों पुराने व्यापारिक और सांस्कृतिक रिश्तों को नई ऊंचाई देगा। भारतीय डायस्पोरा से मुलाकात के बाद पीएम अब ओमान के लिए रवाना होंगे।