जॉर्डन की राजधानी अम्मान पहुंचे PM मोदी, एयरपोर्ट पर जॉर्डन पीएम ने किया भव्य स्वागत, इन मुद्दों पर होगी बात

अम्मान: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीन देशों की महत्वपूर्ण यात्रा के पहले चरण में जॉर्डन की राजधानी अम्मान पहुंच गए हैं। यह दौरा भारत और जॉर्डन के बीच राजनयिक संबंधों की 75वीं वर्षगांठ के मौके पर हो रहा है, जो दोनों देशों के रिश्तों को नई मजबूती देने वाला साबित होगा। अम्मान एयरपोर्ट पर जॉर्डन के प्रधानमंत्री जाफर हसन ने पीएम मोदी का गर्मजोशी से स्वागत किया और उन्हें सेरेमोनियल गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।

पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि एयरपोर्ट पर मिले आतिथ्य सत्कार के लिए आभारी हैं और यह यात्रा दोनों देशों के द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत बनाएगी। यह 37 साल बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री की जॉर्डन की पूर्ण द्विपक्षीय यात्रा है। इससे पहले 2018 में पीएम मोदी जॉर्डन से ट्रांजिट हुए थे।

  • व्यापार और निवेश को बढ़ावा, जिसमें उर्वरक (फॉस्फेट और पोटाश), डिजिटल टेक्नोलॉजी, आईटी और फार्मास्यूटिकल्स प्रमुख हैं।
  • आतंकवाद विरोधी सहयोग और क्षेत्रीय शांति, खासकर गाजा संकट पर विचार विमर्श।
  • ऊर्जा, इंफ्रास्ट्रक्चर और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को मजबूत करना।
  • भारत-जॉर्डन बिजनेस फोरम को संबोधित करना, जहां प्रमुख उद्योगपतियों की भागीदारी होगी।

पीएम मोदी जॉर्डन के किंग अब्दुल्ला द्वितीय से वन-ऑन-वन और डेलिगेशन स्तर की बातचीत करेंगे। इसके अलावा क्राउन प्रिंस अल हुसैन बिन अब्दुल्ला के साथ ऐतिहासिक शहर पेट्रा का दौरा भी संभव है, जो भारत के प्राचीन व्यापारिक संबंधों का प्रतीक है। जॉर्डन में रहने वाले भारतीय समुदाय से भी पीएम मोदी मिलेंगे।



भारत जॉर्डन का तीसरा सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार है और द्विपक्षीय व्यापार करीब 2.8 अरब डॉलर का है। जॉर्डन भारत को प्रमुख रूप से उर्वरक सप्लाई करता है, जबकि भारत से दवाएं और अन्य सामान जाता है। इस यात्रा से दोनों देशों के बीच नए समझौते और सहयोग की संभावनाएं खुलेंगी।

जॉर्डन के बाद पीएम मोदी इथियोपिया और फिर ओमान जाएंगे। यह दौरा पश्चिम एशिया और अफ्रीका में भारत की रणनीतिक उपस्थिति को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।